महाराष्ट्र में हुई सड़क दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के नौ लोगों की मौत पर पसरा मातम, CM, DCM के साथ Ex CM ने भी जताया शोक, कही हरसंभव मदद की बात…

रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में हुए सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी शोक जताया है। मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया में किए अपने पोस्ट में छत्तीसगढ़ सरकार के प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने की बात कही है।

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर किए अपने पोस्ट में कहा कि महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के कई नागरिकों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। शोक की इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में घायल नागरिकों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए भेज दी गई है। महाराष्ट्र सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से भी निरंतर समन्वय किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!