बूथ स्तर तक होंगे सेवा, सम्मान और जनकल्याण के कार्यक्रम : जी. वेंकट

बूथ स्तर तक होंगे सेवा, सम्मान और जनकल्याण के कार्यक्रम : जी. वेंकट
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर पर भाजपा का सेवा संकल्प अभियान,
पीएम मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर पर भाजपा का एक माह का सेवा संकल्प अभियान
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा पखवाड़ा,

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह अभियान पार्टी द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ का विस्तारित स्वरूप होगा, जिसका उद्देश्य सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक नेतृत्व के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में एक माह तक व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से होगी। आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे, विशेष आमंत्रित सदस्य अरुण सिंह भदौरिया, महामंत्री विश्वराज सिंह, नपा अध्यक्ष हूंगा राम मरकाम, संजय सोढ़ी, पार्वती प्रधानी, रमेश यादव उपस्थित थे।

जी. वेंकट ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर अपने राजनीतिक सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव तय किया था। आगामी 7 अक्टूबर को उनके उस ऐतिहासिक राजनीतिक सफर के 25 वर्ष पूर्ण होंगे। इसी उपलब्धि को जनसेवा से जोड़ते हुए भाजपा ने सेवा पखवाड़े के साथ एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

सेवा सेतु अभियान से योजनाओं का लाभ दिलाएंगे
जी. वेंकट ने बताया कि अभियान के दौरान ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम विशेष रूप से चलाया जाएगा। इसके माध्यम से ऐसे लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा, जो दस्तावेजों की कमी अथवा किसी अन्य तकनीकी या प्रशासनिक कारण से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। ब्लॉक स्तर पर निर्धारित अवधि तक संबंधित विभागों के अधिकारी आवश्यक दस्तावेजों और सुविधाओं के साथ उपलब्ध रहेंगे। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम आयुष्मान योजना में नहीं जुड़ा है, तो उसका आवेदन कराया जाएगा। इसी प्रकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

युवाओं के लिए नेशनल इनोवेशन चैलेंज
अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए नेशनल इनोवेशन चैलेंज भी आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं को शोध, नवाचार और रचनात्मक सोच के लिए प्रोत्साहित करना है। ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान और मातृ संवाद
भाजपा कार्यकर्ता देशभर के आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचकर आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा, क्योंकि वे सरकार की विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर पर बच्चों, महिलाओं और माताओं तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

‘सेवा में मेरा योगदान’ से जुड़ेगा युवा वर्ग
जी. वेंकट ने बताया कि ‘सेवा में मेरा योगदान’ पहल के माध्यम से युवाओं को सेवा कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। युवा सफाई अभियान, पौधरोपण, टीबी मुक्त भारत अभियान तथा अन्य सामाजिक सेवा गतिविधियों में भाग लेकर अपने सेवा कार्यों की रील एवं वीडियो साझा कर सकेंगे। इसका उद्देश्य सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और समाज के अन्य लोगों को भी सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित करना है।

बूथ स्तर तक पहुंचेगा सेवा का संदेश
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए राज्य, जिला, मंडल और बूथ स्तर पर संगठनात्मक बैठकें एवं कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर सेवा गतिविधियों को गति देंगे। अभियान में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पौधरोपण, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान, सामाजिक जागरूकता और सम्मान कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक जीवन ‘सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण’ की भावना से जुड़ा रहा है। उनके 25 वर्ष के राजनीतिक सफर को भाजपा कार्यकर्ता केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने के अवसर के रूप में मनाएंगे। जी. वेंकट ने भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर समाजहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत अभियान को आगे बढ़ाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!